पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर है। तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके ने सभी सियासी समीकरणों को ध्वस्त कर दिया है। पहले ही चुनाव में उनकी पार्टी न केवल बहुमत के करीब है, बल्कि सीएम एमके स्टालिन को उनके ही गढ़ में मात दी है। उधर, असम में बीजेपी ने प्रचंड बढ़त बना ली है। बीजेपी असम में लगातार तीसरी बार सत्ता में आएगी। कांग्रेस ने यहां खूब जोर आजमाइश की, लेकिन कुछ खास नहीं कर सकी।
गौरव गोगोई: कांग्रेस ने गौरव गोगोई को असम में सीएम चेहरा घोषित किया था। वह प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। मगर अपनी ही सीट नहीं बचा सके। अक्सर यह देखा गया कि कांग्रेस सीएम चेहरा घोषित नहीं करती है। मगर गौरव गोगोई के दबाव में पार्टी ने उन्हें सीएम चेहरा घोषित किया। नतीजा यह हुआ कि कई अन्य नेताओं ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी ज्वाइन कर ली। जोरहाट सीट से चुनाव लड़ने वाले गौरव गोगोई को बीजेपी प्रत्याशी हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने 23182 मतों से हराया है।
यह भी पढ़ें: Live: बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी, सरकार बदलेगी या नहीं? नतीजे आज
एमके स्टालिन: मुख्यमंत्री एमके स्टालिन कोलाथुर सीट से चुनाव हार गए हैं। स्टालिन ने पहली बार 2011 में यहां जीत हासिल की थी। तब से वह लगातार तीन बार विधायक थे। डीएमके 15 मंत्री भी पीछे चल रहे हैं। सीएम स्टालिन के सामने टीवीके ने वीएस बाबू को उतारा था।
यह भी पढ़ें: थलपति विजय के वे 15 वादे, जिन्होंने बदल दिया सियासी समीकरण; WYF फैक्टर क्या है
विजय के घर की बढ़ाई गई सुरक्षा
विजय की पार्टी 109 सीटों पर आगे चल रही है। बहुमत की खातिर उसे सिर्फ 9 सीटों की जरूरत है। डीएमके ने 59 पर बढ़त बना रखी है। एडीएमके 44 सीटों पर आगे है। चेन्नई स्थित टीवीके मुख्यालय में जश्न का माहौल है। कार्यकर्ता मिठाई बांटने में जुटे हैं। इस बीच विजय के घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। टीवीके की जीत पर विजय की मां ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मैं बहुत खुश हूं, क्योंकि पार्टी इस समय राज्य की 109 सीटों पर आगे चल रही है।