logo

मूड

ट्रेंडिंग:

रियान पराग ने रच दिया इतिहास, 6 गेंद में उड़ाए 6 छक्के

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में लगातार 6 गेंद में 6 छक्के लगा दिए। आईपीएल में ऐसा करने वाले वह पहले बल्लेबाज बने।

Riyan Parag vs KKR

केकेआर के खिलाफ छक्का लगाते रियान पराग। (Photo Credit: IPL/X)

शेयर करें

google_follow_us
Advertisement

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने इतिहास रच दिया है। पराग ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ आईपीएल 2025 के 53वें मैच में 6 गेंद में 6 छक्के जड़ दिए। रियान पराग ने 13वें ओवर में मोईन अली के खिलाफ लगातार 5 छक्के उड़ाए। इसके बाद अगले ओवर में जब उन्हें स्ट्राइक मिली तो उन्होंने एक बार फिर गेंद को स्टैंड में पहुंचा दिया। पराग आईपीएल में लगातार 6 गेंद में 6 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

 

पराग ने यूं लगाई मोईन अली की क्लास

 

207 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को मोईन अली 2 झटके दे चुके थे। अपना तीसरा ओवर लेकर आए मोईन अली की पहली गेंद पर शिमरॉन हेटमायर ने सिंगल लेकर रियान पराग को स्ट्राइक दी। पराग ने इस ओवर की दूसरी गेंद पर डीप स्क्वेयरलेग के ऊपर से छक्का जड़कर 27 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की। इसके बाद उन्होंने लगातार 3 गेंद पर 3 छक्के जड़े। मोईन अली ने बचने के लिए आखिरी गेंद बाहर डाली, जो वाइड हो गई। पराग बख्शने के मूड में नहीं थे और उन्होंने छक्के के साथ ओवर समाप्त किया। 

 

रियान पराग आईपीएल में एक ओवर में लगातार 5 छक्के लगाने वाले पांचवें बल्लेबाज बने। इससे पहले क्रिस गेल, राहुल तेवतिया, रवींद्र जडेजा और रिंकू सिंह यह कारनामा कर चुके हैं।

 

यह भी पढ़ें: मैक्सेवल के रिप्लेसमेंट का ऐलान, PBKS में मिचेल ओवन की एंट्री

 

दिलेर शॉट के साथ बनाया इतिहास

 

मोईन अली का ओवर खत्म होने के बाद केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने वरुण चक्रवर्ती को गेंदबाजी के लिए बुलाया। वरुण की पहली गेंद पर हेटमायर ने 1 रन लिया। अब स्ट्राइक पराग के पास थी। उन्होंने वरुण की अगली गेंद को रिवर्स स्वीप पर छक्के लिए भेजकर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया। पराग ने यह कारनामा उस समय किया जब राजस्थान रॉयल्स 207 रन के टारगेट का पीछा करते हुए मुसीबत में थी। 

 

यह भी पढ़ें: IPL 2025 में स्पिनर्स हावी, पिछले सीजन से बेहतर हुआ प्रदर्शन

 

पराग ने बनाए 95 रन

 

ईडन गार्डंस में बड़े रन चेज में राजस्थान रॉयल्स ने 71 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। यहां से रियान पराग ने 45 गेंद में 6 चौके और 8 छक्के की मदद से 95 रन की जबरदस्त पारी खेली। पराग जब आउट हुए उस समय RR को जीत के लिए 14 गेंद में 34 रन चाहिए थे। जोफ्रा आर्चर और इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे शुभम दुबे ने अगली 8 गेंद में 12 रन बटोरे। राजस्थान रॉयल्स को अब 6 गेंद में 22 रन की दरकार थी। आखिरी ओवर में शुभम दुबे ने वैभव अरोड़ा की तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद को सीमा रेखा के बाहर पहुंचाकर मैच को रुख मोड़ दिया था लेकिन वह अंतिम गेंद पर जरूरी 3 रन नहीं बना पाए। राजस्थान रॉयल्स की टीम 8 विकेट के नुकसान पर 205 रन की बना सकी और 1 रन से मुकाबला हार गई।


और पढ़ें